कालाजार उन्मूलन एवं IRS गतिविधियों की समीक्षा हेतु जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक संपन्न डीआरडीए स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, गोड्डा श्रीमती अंजली यादव की अध्यक्षता में कालाजार/आईआरएस (Indoor Residual Spray) से संबंधित जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आहूत की गई।*
*बैठक में उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कालाजार प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए तथा चिन्हित गांवों में शत-प्रतिशत आईआरएस (छिड़काव) कार्य सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी घर को छूटने न दिया जाए तथा छिड़काव की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखा जाए।*
*उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि कालाजार के संभावित मरीजों की शीघ्र पहचान कर उनका समय पर जांच एवं उपचार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, शहरी एवं ग्रामीण सहिया के माध्यम से घर-घर सर्वे कर संदिग्ध मरीजों की सूची तैयार करने को कहा गया।*
*बैठक के दौरान सिविल सर्जन द्वारा जिले में कालाजार की वर्तमान स्थिति, प्रभावित प्रखंडों, आईआरएस अभियान की प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई।*
*उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि आईआरएस टीमों को उचित प्रशिक्षण, उपकरण एवं दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही, छिड़काव कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने कहा कि कालाजार उन्मूलन के लिए जन-जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाकर लोगों को कालाजार के लक्षण, बचाव एवं उपचार के बारे में जानकारी दी जाए।* *बैठक के दौरान सुंदरपहाड़ी एवं बोआरीजोर प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं एमओआईसी को निर्देश दिया कि सभी आंशिक छिड़काव किए ग्रामों में पीआरआई एवं प्रधान के साथ समन्वय स्थापित कर पूर्ण छिड़काव करेंगे ताकि मलेरिया एवं कालाजार का नियंत्रण किया जा सके।*
*बैठक में निर्देश दिया गया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा अभियान की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें, ताकि जिले को कालाजार मुक्त बनाने के लक्ष्य को शीघ्र प्राप्त किया जा सके।*
इस अवसर पर सिविल सर्जन, गोड्डा डॉ0 एससी शर्मा,जिला कार्यक्रम प्रबंधक संबंधित प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।