विद्युत आपूर्ति की समस्या पर झारखण्ड चैम्बर एवं जेबीवीएनएल के अधिकारियों की बैठक
राजधानी रांची में लगातार हो रही बिजली कटौती तथा विशेष रूप से प्रमुख व्यवसायिक क्षेत्रों में लंबे समय तक बिजली बाधित रहने की समस्या को लेकर आज झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स की एक बैठक जेबीवीएनएल के रांची जोन के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर (विद्युत) डी. एन. साहू के साथ हुई।
बैठक में चैम्बर पदाधिकारियों ने कहा कि अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण शहर में व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैँ। विशेष रूप से व्यवसायिक क्षेत्र में बार-बार बिजली कटौती, लो-वोल्टेज तथा बिना पूर्व सूचना के लंबे समय तक पावर कट की स्थिति चिंतनीय है। चर्चा के दौरान विद्युत आपूर्ति में अनियमितता के विभिन्न कारणों पर विस्तृत मंथन हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि शहर में तेजी से बढ़ते लोड के मुकाबले पुराना एवं जर्जर विद्युत इंफ्रास्ट्रक्चर, कई स्थानों पर क्षमता से अधिक दबाव, ट्रांसफार्मरों की सीमित क्षमता, तकनीकी फॉल्ट एवं बार-बार ट्रिपिंग, मौसम संबंधी प्रभाव जैसे आंधी एवं वर्षा और शहरी विस्तार के अनुरूप इंफ्रास्ट्रक्चर का पर्याप्त विकास न होना जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से जिम्मेदार हैं। इन सभी कारणों से विद्युत आपूर्ति बाधित होती है और उपभोक्ताओं को असुविधा का सामना करना पड़ता है।
प्रतिनिधिमण्डल ने कहा कि राजधानी रांची में निर्बाध बिजली आपूर्ति बेहद आवश्यक है, विशेषकर व्यावसायिक क्षेत्रों में जहां प्रत्येक गतिविधि बिजली पर निर्भर है। यह मांग की गई कि सभी प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों को प्राथमिकता देते हुए नियमित एवं स्थिर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इस पर जेबीवीएनएल के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि लोड मैनेजमेंट को बेहतर किया जाएगा, जर्जर लाइनों एवं ट्रांसफार्मरों को चरणबद्ध तरीके से बदला जाएगा, फॉल्ट रेस्पॉन्स समय को कम किया जाएगा तथा नियमित मॉनिटरिंग एवं मेंटेनेंस को सुदृढ़ किया जाएगा। साथ ही व्यावसायिक क्षेत्रों में विशेष ध्यान देकर समस्या का शीघ्र समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में चैम्बर उपाध्यक्ष राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव रोहित पोद्दार, पूर्व अध्यक्ष पवन शर्मा और एनर्जी उप समिति के चेयरमैन बिनोद तुलस्यान उपस्थित रहे। जेबीवीएनएल की ओर से कार्यापालक अभियंता राजेश कुमार मंडल (रांची पूर्वी), अमित कुमार (डोरंडा), हिमांशु कुमार (रांची पश्चिमी), गौरव कुमार (कोकर), अजय कुमार (न्यू कैपिटल) एवं श्री अमित कुमार भगत (रांची केन्द्रीय) बैठक में सम्मिलित हुए।
–
रोहित अग्रवाल
महासचिव