गोड्डा में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1.4 किलो गांजा और 76 पीस सुलोशन बरामद
गोड्डा पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजाभीठा थाना क्षेत्र में छापेमारी की। पुलिस ने राजाभीठा गांव में संदीप मंडल के घर से करीब 1.4 किलोग्राम गांजा, 76 पीस सुलोशन और एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, एसपी के निर्देश पर SDPO आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में 18 अगस्त 2026 को यह कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान बरामद सुलोशन का इस्तेमाल नशे के लिए किए जाने की बात सामने आई है।
मामले में राजाभीठा थाना में NDPS Act की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर आरोपी संदीप मंडल को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
गोड्डा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि नशे के कारोबार से जुड़ी किसी भी जानकारी की सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।