जिला स्तरीय “NCORD” समिति की बैठक संपन्न।
आज दिनांक 26.02.2026 को उपायुक्त, गोड्डा श्रीमती अंजली यादव एवं पुलिस अधीक्षक, गोड्डा श्री मुकेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय “NCORD” समिति की बैठक समाहरणालय सभागार में आयोजित की गई।
*बैठक के दौरान जिले में नशीले पदार्थों के अवैध व्यापार, तस्करी एवं दुरुपयोग की रोकथाम हेतु किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान को और अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाया जाए। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रशासन, पुलिस एवं समाज के सभी वर्गों की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। बैठक में मादक पदार्थों के रोकथाम हेतु जागरूकता अभियान चलाने, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित करने, तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना त्वरित रूप से साझा करने के लिए समन्वय तंत्र को सुदृढ़ करने पर बल दिया गया। संबंधित विभागों को नियमित निगरानी एवं अंतर-विभागीय समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया गया।*
*उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन नशे के विरुद्ध “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर कार्य कर रहा है तथा समाज को नशा मुक्त बनाने हेतु हर संभव कदम उठाए जाएंगे।*
*पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश कुमार ने जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियानों, छापामारी कार्रवाई एवं दर्ज मामलों की जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों एवं शैक्षणिक संस्थानों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।*
*बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी , गोड्डा श्री वैद्यनाथ उरांव, अनुमंडल पदाधिकारी महागामा श्री आलोक वरण केसरी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सह जिला नजारत उपसमाहर्ता श्री अविनाश पूर्णेन्दु सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारीगण उपस्थित थे।*