चतुर्थ राजकीय गणतंत्र मेला महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ

ऐतिहासिक गांधी मैदान, गोड्डा में चतुर्थ राजकीय गणतंत्र मेला महोत्सव 2026 का भव्य उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री, झारखंड सरकार श्रीमती दीपिका पांडे सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती बेबी देवी, उपायुक्त गोड्डा श्रीमती अंजली यादव, पुलिस अधीक्षक गोड्डा श्री मुकेश कुमार, नगर परिषद अध्यक्ष श्री सुशील रमानी एवं नगर पंचायत महागामा अध्यक्ष श्री प्रबोध सोरेन द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की गई।
*कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय मंत्री श्रीमती दीपिका पांडे सिंह ने जिला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन कला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि यह मेला अब गोड्डा की पहचान बन चुका है। साथ ही उन्होंने अपनी पुरानी स्मृतियों को साझा करते हुए बताया कि पूर्व में यह मेला ललमटिया में आयोजित होता था, जो आज पूरे जिले के गौरव का प्रतीक बन गया है।*
*महोत्सव के प्रथम दिवस सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत शाम 5 बजे “द राग बैंड” की प्रस्तुति से हुई, जिसने माहौल को उत्साह से भर दिया। इसके पश्चात मर्दाना झूमर की पारंपरिक प्रस्तुति ने स्थानीय संस्कृति की झलक प्रस्तुत की। उद्घाटन समारोह के उपरांत रवि त्रिपाठी के गीतों ने समां बांध दिया। वहीं रात्रि में पाइका नृत्य एवं अनन्या चक्रवर्ती की प्रस्तुति ने कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक बना दिया।*
*उपायुक्त ने महोत्सव के पहले दिन के सफल आयोजन पर जिलेवासियों को संबोधित करते हुए उनकी सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि आप सभी के सहयोग से ही यह आयोजन सफल और यादगार बन पाया है।*
आइए, दूसरे दिन भी अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस महोत्सव की गरिमा को और बढ़ाएं।
महोत्सव में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता देखने को मिली। पूरे आयोजन में उत्साह, सांस्कृतिक विविधता एवं पारंपरिक धरोहर की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई दी।*
*दो दिवसीय इस महोत्सव का आयोजन गणतंत्र दिवस मेला को राजकीय दर्जा मिलने के पश्चात निरंतर किया जा रहा है। इस आयोजन को लेकर शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी विशेष उत्साह देखा गया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री दीपक कुमार दूबे, डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर श्री पवन बाघ, अपर समाहर्ता श्रीमती प्रेमलता मुर्मू, अनुमंडल पदाधिकारी गोड्डा श्री वैद्यनाथ उरांव, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गोड्डा श्री अशोक प्रियदर्शी, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) श्री जेपीएन चौधरी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी श्री रितेश जायसवाल, जिला योजना पदाधिकारी श्री फैजान सरवर, जिला परिवहन पदाधिकारी श्रीमती कंचन कुमारी भुदोलिया, नगर प्रशासक सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री अरविंद प्रसाद अग्रवाल, जिला खेल पदाधिकारी डॉ. प्राण महतो, संबंधित अंचलों के अंचलाधिकारी, नगर थाना प्रभारी गोड्डा श्री दिनेश महली सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारीगण उपस्थित थे।