ईद, सरहुल एवं रामनवमी पर्व को लेकर महत्वपूर्ण बैठक, संबंधित पदाधिकारियों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश
आगामी ईद, सरहुल एवं रामनवमी पर्व के मद्देनजर आज दिनांक 17-03-2026 को समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त , गोड्डा श्रीमती अंजली यादव एवं पुलिस अधीक्षक, गोड्डा श्री मुकेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने को लेकर संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी गोड्डा एवं महागामा,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गोड्डा एवं महागामा एवं संबंधित थाना क्षेत्र के थाना प्रभारी से विस्तृत चर्चा की गई तथा सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में उपायुक्त के द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जिले के संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बल की पर्याप्त प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए तथा सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखें।
बैठक में निर्देश दिया गया कि रामनवमी जुलूस मार्ग, सरना स्थलों तथा ईद की नमाज के प्रमुख स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।* *सभी संबंधित पदाधिकारी आयोजन समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाओं का समय पर निरीक्षण करेंगे, ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रमुख चौक-चौराहों, जुलूस मार्गों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरा एवं ड्रोन के माध्यम से निगरानी की प्रभावी व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखते हुए सभी सूचनाओं की त्वरित निगरानी एवं समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि पर्व के दौरान सभी प्रमुख स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। नगर परिषद, बिजली विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।
बैठक पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश कुमार के द्वारा सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना, अफवाह या आपत्तिजनक पोस्ट के माध्यम से सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए संबंधित टीमों को सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्व के दौरान वे अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखें तथा किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें। प्रशासन एवं पुलिस के समन्वित प्रयास से जिले में आगामी ईद, सरहुल एवं रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जाएगा।
अंत में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित करें, ताकि जिले में सामाजिक सद्भाव एवं भाईचारे का वातावरण बना रहे।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री दीपक कुमार दूबे, अपर समाहर्ता श्रीमती प्रेमलता मुर्मू, अनुमंडल पदाधिकारी गोड्डा श्री वैद्यनाथ उरांव, अनुमंडल पदाधिकारी महागामा श्री आलोक वरण केसरी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, गोड्डा श्री अशोक प्रियदर्शी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महागामा श्री चंद्रशेखर आजाद, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, जिला स्तरीय पदाधिकारीगण एवं संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारीगण उपस्थित थे।