उपायुक्त, गोड्डा लोकेश मिश्रा के निर्देशानुसार दुर्गा पूजा पंडालों के आसपास खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों को ढककर रखने एवं मिलावट से दूर रहने का दिया निर्देश
जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, गोड्डा श्री लोकेश मिश्रा के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
इस क्रम में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, गोड्डा डॉ. श्वेता अमृता लकड़ा एवं सुश्री वैशाली कुमारी द्वारा भतडीहा दुर्गा मंदिर के समीप स्थित विभिन्न दुकानों की जांच की गई। इसके अतिरिक्त पोड़ैयाहाट चौक एवं पोड़ैयाहाट के बंगाली टोला स्थित दुर्गा पूजा पंडालों के आसपास संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की स्थिति एवं खाद्य पदार्थों के रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया गया। दुकानदारों एवं प्रतिष्ठान संचालकों को निर्देश दिया गया कि वे अपने प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखें, खाद्य पदार्थों को हमेशा ढककर रखें तथा किसी भी प्रकार की मिलावट से बचें। साथ ही, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने पर जोर दिया गया।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के मद्देनजर उनकी गुणवत्ता एवं स्वच्छता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। आम नागरिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सभी खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप खाद्य पदार्थों का भंडारण एवं बिक्री सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिला प्रशासन, गोड्डा द्वारा आम नागरिकों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। खाद्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में इस प्रकार का निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा।