Thursday, 22 October 2026
Current Khabar

राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन, गोड्डा के तत्वावधान में विश्व आयोडीन न्यूनता विकार नियंत्रण दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम संपन्न

Admin
Admin admin
📅 21 Oct 2026, 06:17 PM IST
👁 4 views
राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन, गोड्डा के तत्वावधान में विश्व आयोडीन न्यूनता विकार नियंत्रण दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम संपन्न
राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन, गोड्डा के तत्वावधान में विश्व आयोडीन न्यूनता विकार नियंत्रण दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम संपन्न।

फसियाडंगाल वार्ड संख्या 19 एवं गोढ़ी वार्ड संख्या 08 में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 50 घरों के नमक के नमूनों की जांच की गई।

राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन, गोड्डा के तत्वावधान में विश्व आयोडीन न्यूनता विकार नियंत्रण दिवस के अवसर पर फसियाडंगाल वार्ड संख्या 19 एवं गोढ़ी वार्ड संख्या 08 में महिला आरोग्य समितियों के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान संगोष्ठी के माध्यम से महिलाओं एवं स्थानीय लोगों को आयोडीन के महत्व, इसकी कमी से होने वाले विकारों तथा आयोडीन युक्त नमक के सही उपयोग के संबंध में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में यूसीएफ बेबी कुमारी ने बताया कि आयोडीन शरीर में थायराइड हार्मोन के निर्माण, शारीरिक वृद्धि एवं मस्तिष्क के सामान्य विकास के लिए आवश्यक है। इसकी कमी से घेंघा रोग, थायराइड संबंधी समस्याएं तथा बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। गर्भावस्था एवं बचपन में आयोडीन की पर्याप्त मात्रा विशेष रूप से महत्वपूर्ण है।

उन्होंने आयोडीन युक्त नमक की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए इसे सूखे एवं बंद डिब्बे में रखने, सूखे चम्मच का उपयोग करने तथा भोजन पकाने के अंतिम चरण में नमक मिलाने की सलाह दी। साथ ही, नमक खरीदते समय सीलबंद पैकेट का चयन करने एवं पैकेट पर आयोडीन संबंधी विवरण की जांच करने के लिए प्रेरित किया।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान कुल 50 घरों से नमक के नमूने लेकर जांच की गई। लोगों को 15 पीपीएम या उससे अधिक आयोडीन युक्त नमक का उपयोग करने की सलाह दी गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आयोडीन की कमी से होने वाले विकारों की रोकथाम तथा समुदाय में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाना है।

मौके पर महिला आरोग्य समिति के सदस्य, यूसीएफ बेबी कुमारी, सहिया साथी ललिता सोरेन, सहिया मुसर्रत परवीन, तबस्सुम खातून, किरण कुमारी, गीता कुमारी एवं कंचन कुमारी सहित शहरी क्षेत्र, गोड्डा की महिलाएं उपस्थित रहीं।
Share this article