चतुर्थ राजकीय गणतंत्र महोत्सव 2026 के समापन समारोह के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु समीक्षात्मक बैठक संपन्न
चतुर्थ गणतंत्र मेला महोत्सव को लेकर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक, गोड्डा के द्वारा जिलेवासियों से सहयोग एवं सहभागिता की ,की गई अपील
समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त श्रीमती अंजली यादव एवं पुलिस अधीक्षक, गोड्डा श्री मुकेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में चतुर्थ राजकीय गणतंत्र मेला महोत्सव 2026 के समापन समारोह के अवसर पर की जाने वाली तैयारियों के संबंध में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई
बैठक के दौरान उपायुक्त द्वारा कॉफी टेबल बुक की तैयारी, सेमिनार आयोजन, टेंट एवं पंडाल प्रबंधन, वाहन व्यवस्था, संभावित अतिथियों के आगमन की तैयारी, समारोह स्थल की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, डिजिटल संदेश प्रसारण तथा कार्यक्रम के लाइव प्रसारण आदि बिंदुओं की क्रमवार समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने जानकारी दी कि आगामी 29 एवं 30 मार्च 2026 को चतुर्थ राजकीय गणतंत्र मेला महोत्सव के समापन समारोह के अवसर पर गोड्डा के ऐतिहासिक गांधी मैदान में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि चतुर्थ गणतंत्र मेला महोत्सव जिले की सांस्कृतिक विरासत, कला एवं परंपराओं को प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। यह आयोजन न केवल कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करता है, बल्कि जिले की पहचान को भी सुदृढ़ करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा जिला प्रशासन का सहयोग करें।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करें। साथ ही टेंट एवं पंडाल की सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने, मंच एवं दर्शक दीर्घा के बीच सुरक्षित एवं व्यवस्थित बैरिकेडिंग कराने, कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा विभागीय समन्वय के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त चलंत शौचालय एवं शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने, कार्यक्रम स्थल पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (फेसबुक लाइव) के माध्यम से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक , गोड्डा श्री मुकेश कुमार के द्वारा बताया गया कि उक्त कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे । महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, ट्रैफिक प्रबंधन एवं भीड़ नियंत्रण हेतु विशेष व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की है कि वे चतुर्थ गणतंत्र मेला महोत्सव 2026 को सफल, भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री दीपक कुमार दूबे, अपर समाहर्ता श्रीमती प्रेमलता मुर्मू, अनुमंडल पदाधिकारी गोड्डा श्री वैद्यनाथ उरांव, अनुमंडल पदाधिकारी महागामा श्री आलोक वरण केसरी,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, गोड्डा श्री अशोक प्रियदर्शी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सह जिला नजारत उपसमाहर्ता गोड्डा श्री अविनाश पूर्णेन्दु,जिला भू-अर्जन पदाधिकारी श्री रितेश जयसवाल,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, गोड्डा श्री अशोक प्रियदर्शी,जिला योजना पदाधिकारी श्री फैजान सरवर, जिला परिवहन पदाधिकारी श्रीमती कंचन कुमारी भुदोलिया,नगर प्रशासक सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री अरविंद प्रसाद अग्रवाल, जिला खेल पदाधिकारी डॉ. प्राण महतो , संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं संबंधित अंचलों के अंचलाधिकारी नगर थाना प्रभारी , गोड्डा श्री दिनेश महली सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारीगण उपस्थित थे

