प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, गोड्डा की अध्यक्षता में आगामी 29.03.2026 को आयोजित मेगा लीगल एंपावरमेंट कैंप को लेकर समीक्षात्मक बैठक संपन्न
मेगा लीगल एंपावरमेंट कैंप को सफल, प्रभावी एवं जनकल्याणकारी बनाने हेतु पूरी तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।:- प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ,गोड्डा
व्यवहार न्यायालय ,गोड्डा कार्यालय कक्ष में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, गोड्डा श्री रमेश कुमार की अध्यक्षता में आगामी 29 मार्च 2026 को आयोजित होने वाले मेगा लीगल एंपावरमेंट कैंप के सफल आयोजन को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपविकास आयुक्त गोड्डा श्री दीपक कुमार दूबे,जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) के सचिव, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मेगा लीगल एंपावरमेंट कैंप के आयोजन की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा बताया गया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजनों, विशेषकर गरीब, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों को निःशुल्क एवं सुलभ विधिक सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो सकें एवं न्याय प्राप्त कर सकें।
उन्होंने निर्देश दिया कि शिविर में अधिक से अधिक मामलों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, जिसमें राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, श्रम, भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, बैंकिंग एवं अन्य जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित समाधान किया जा सके। साथ ही, लोगों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं उनका लाभ दिलाने हेतु सभी विभाग सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करने का निर्देश दिया तथा कहा कि शिविर को जनोपयोगी एवं प्रभावी बनाने के लिए पूर्व से ही सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पंचायत स्तर तक व्यापक रूप से सूचना पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग शिविर में भाग ले सकें।
बैठक में निर्देश दिए गए कि शिविर स्थल पर सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं जैसे पेयजल, बैठने की व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, सहायता काउंटर, हेल्प डेस्क आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी आमजनों को उपलब्ध कराई जाए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) के सचिव द्वारा शिविर के आयोजन से संबंधित विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की गई तथा विभिन्न विभागों को उनकी भूमिका एवं जिम्मेदारियों के संबंध में अवगत कराया गया।

