बेथल मिशन स्कूल में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
गोड्डा: बेथल मिशन स्कूल, गोड्डा में शनिवार को 15 अगस्त 2026 के अवसर पर स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक डॉ. परमेश सुलेमान, प्राचार्य अन्ना मार्क सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे मौजूद रहे।
समारोह की शुरुआत विद्यालय के निदेशक डॉ. प्रणेश सुलेमान द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर की गई। ध्वजारोहण के बाद उन्होंने तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और राष्ट्रप्रेम की भावना से गूंज उठा।
इसके बाद सभी स्कूली बच्चों एवं शिक्षकों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। बच्चों ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व, देश के स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को लेकर विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
मौके पर निदेशक डॉ. प्रणेश सुलेमान ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी हमें अनेक वीर स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान से मिली है। विद्यार्थियों को देश की एकता, अखंडता और प्रगति में अपनी भूमिका निभाने के लिए हमेशा तत्पर रहना चाहिए।
समारोह के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरा विद्यालय परिसर तिरंगे के रंग और देशभक्ति की भावना से सराबोर नजर आया।