प्रचार का समय खत्म होने के बाद फुरकान अंसारी पार्टी समर्थित मेयर प्रत्याशी समीर राज चौधरी के पक्ष में गिरिडीह शहर पहुंच रहे थे। बेंगाबाद से आगे खंडोली के पास प्रशासन ने उनका काफिला रोक लिया। अधिकारियों ने आदर्श आचार संहिता का हवाला देते हुए उन्हें आगे जाने से रोका और एक होटल में ठहरा दिया।
होटल में पहुंचे कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश केडिया, अजय सिन्हा मंटू, समीर राज चौधरी समेत अन्य नेताओं ने प्रेस वार्ता की। पूर्व सांसद अंसारी ने पत्रकारों से कहा, “गिरिडीह प्रशासन ने मुझे शहर जाने से रोका और डिटेन कर लिया। यह कांग्रेस की लोकप्रियता से घबराहट में भाजपा व अन्य पार्टियों के इशारे पर हुआ। सोशल मीडिया पर मेरा कार्यक्रम वायरल हो गया, तभी से यह साजिश रची गई।”
कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश केडिया ने कहा, “हमारे नेताओं को रोका जा रहा है। पहले भी नेताओं को फोन पर रोका गया। लोगों को धमकाया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस की नजर सब पर है।” पार्टी ने इसे लोकतंत्र पर ह,मला बताते हुए प्रशासन से सफाई की मांग की है।
प्रशासन ने इस घटना को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन सीमा पर सख्ती बढ़ाने का आदेश दिया गया है।