लिटेक्निक कॉलेज, सिकटिया स्थित स्ट्रांग रूम में मतपेटियों
को किया गया सील।
नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 के तहत दिनांक 23.02.2026 को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त, गोड्डा श्रीमती अंजली यादव , सामान्य प्रेक्षक/निर्वाचन प्रेक्षक, पुलिस अधीक्षक, गोड्डा, उपविकास आयुक्त,गोड्डा, के द्वारा पॉलिटेक्निक कॉलेज, सिकटिया स्थित स्ट्रांग रूम में मतपेटियों को विधिवत रूप से सील कराया गया।
इस अवसर पर संबंधित निर्वाची पदाधिकारी, दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य प्रतिनियुक्त कर्मियों की उपस्थिति में राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए मतपेटियों को सील कर सुरक्षित रूप से स्ट्रांग रूम में रखा गया। सीलिंग की पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संपन्न की गई तथा अभ्यर्थियों/अभ्यर्थी प्रतिनिधियों को भी निर्धारित प्रावधानों के तहत उपस्थित रहने का अवसर प्रदान किया गया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने इस दौरान कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि स्ट्रांग रूम की सुरक्षा हेतु त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाए तथा 24×7 सशस्त्र पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए।
इसके अतिरिक्त स्ट्रांग रूम परिसर में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी रखने, प्रवेश एवं निकास बिंदुओं पर कड़ी सुरक्षा जांच व्यवस्था लागू करने तथा सुरक्षा से संबंधित सभी गतिविधियों का नियमित लॉग संधारित करने का निर्देश भी दिया गया।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी परिस्थिति में सुरक्षा मानकों से समझौता नहीं किया जाए तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
जिला प्रशासन द्वारा नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। प्रशासन द्वारा सतत मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि मतगणना तक मतपेटियां पूर्णतः सुरक्षित एवं संरक्षित रहें।

