पॉलिटेक्निक कॉलेज सिकटिया में बनाए गए मतगणना केंद्र का उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के द्वारा किया गया निरीक्षण।
27.02.2026 को की जाएगी मतगणना।
नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के अंतर्गत प्रस्तावित मतगणना कार्य को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, गोड्डा श्रीमती अंजली यादव एवं पुलिस अधीक्षक, गोड्डा श्री मुकेश कुमार द्वारा संयुक्त रूप से पॉलिटेक्निक कॉलेज, सिकटिया स्थित मतगणना केंद्र का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त के द्वारा मतगणना हॉल की व्यवस्था, टेबल प्लान, बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास द्वार, अभ्यर्थियों एवं मतगणना अभिकर्ताओं के बैठने की व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, प्रकाश एवं पेयजल की सुविधा सहित अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मतगणना कार्य के प्रत्येक चरण में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान स्ट्रांग रूम से मतपेटियों/मतपेटी सामग्री को मतगणना हॉल तक सुरक्षित पहुंचाने की प्रक्रिया, सील की जांच, तथा अभ्यर्थियों की उपस्थिति में पारदर्शी ढंग से मतगणना संपन्न कराने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी तथा प्रत्येक राउंड की घोषणा निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत की जाएगी। उपायुक्त के द्वारा कहा गया कि जिला प्रशासन निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण मतगणना के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता न बरतें।
पुलिस अधीक्षक , गोड्डा ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए कहा कि मतगणना केंद्र के भीतर एवं बाहर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की जाएगी ताकि विधि-व्यवस्था की स्थिति पूर्णतः नियंत्रण में रहे। संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा बिना वैध पास के किसी भी व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उपविकास आयुक्त, गोड्डा श्री दीपक कुमार दूबे, अपर समाहर्ता, गोड्डा श्रीमती प्रेमलता मुर्मू, अनुमंडल पदाधिकारी, गोड्डा श्री बैद्यनाथ उरांव, जिला भू- अर्जन पदाधिकारी श्री रितेश जयसवाल, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री अविनाश पूर्णेन्दु, जिला सामाजिक सुरक्षा पदाधिकारी श्री अभय कुमार झा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री अरविंद प्रसाद अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारीगण मौजूद रहे।