गोड्डा जिले के पथरगामा प्रखंड अंतर्गत पंचायत भवन, सोनारचक में महिला नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने हेतु एक दिवसीय कार्यशाला सह जागरूकता शिविर का किया गया आयोजन गोड्डा जिले के पथरगामा प्रखंड अंतर्गत पंचायत भवन सोनारचक में महिला नेतृत्व क्षमता को सुदृढ़ करने तथा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से एक दिवसीय कार्यशाला सह जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना तथा उन्हें उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना था
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिला उद्यमियों एवं प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र, गोड्डा श्री रमाकांत चतुर्वेदी ने कहा कि वर्तमान समय में सरकार द्वारा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने महिलाओं को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए PMFME (प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना), PMEGP (प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम), प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, विपणन सुविधाओं तथा उद्यम पंजीकरण की प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इन योजनाओं का लाभ उठाकर महिलाएं स्वयं का उद्यम स्थापित कर सकती हैं, जिससे न केवल उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।* कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को उद्यमिता विकास, विपणन के आधुनिक तरीकों तथा सरकारी योजनाओं के लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने भी अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं, जिनका समाधान संबंधित पदाधिकारियों द्वारा किया गया। इस अवसर पर EODB प्रबंधक, DEC एवं BEC सहित अन्य कर्मियों ने भाग लिया। कार्यशाला में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं एवं महिला उद्यमियों की सक्रिय भागीदारी रही, जिससे कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।