समाज कल्याण विभाग की समीक्षात्मक बैठक सम्पन्न, आधार से संबंधित दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश डीआरडीए स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, गोड्डा श्रीमती अंजली यादव की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग से संबंधित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आहूत की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त के द्वारा समाज कल्याण विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं—जैसे मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, पोषण अभियान एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभुक तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुँचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन तथा नए लाभुकों के चिन्हांकन में गति लाने पर विशेष बल दिया।
आधार कार्ड से संबंधित महत्वपूर्ण निर्देश
बैठक के दौरान उपायुक्त द्वारा आधार कार्ड से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि सभी लाभुकों का आधार सीडिंग (Aadhaar Seeding) सुनिश्चित किया जाए ताकि योजनाओं का लाभ सीधे लाभुकों के बैंक खाते में हस्तांतरित (DBT) किया जा सके। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन लाभुकों का आधार कार्ड अभी तक नहीं बना है, उनका शीघ्र पंजीकरण कराया जाए तथा जिनका आधार अपडेट लंबित है, उन्हें अद्यतन कराने हेतु प्रेरित किया जाए इसके साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित कर आधार नामांकन एवं अपडेट की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन, वीएसएचएनडी, क्लस्टर निरीक्षण, आंगनबाड़ी केंद्रों में बिजली के कनेक्शन, समर केंप,टीएचआर, पोषण ट्रैकिंग, किशोरी स्वास्थ्य एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कुपोषण मुक्त जिला बनाने हेतु सभी विभागों के समन्वित प्रयासों पर बल देते हुए कहा कि प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र को सक्रिय एवं प्रभावी बनाया जाए।
जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश।
उपायुक्त ने कहा कि योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुँचाने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि कोई भी पात्र लाभुक योजना के लाभ से वंचित न रहे। बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करते हुए योजनाओं के प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करें साथ ही, किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती पूर्णिमा कुमारी, सीडीपीओ, महिला पर्यवेक्षक सहित विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारीगण एवं कर्मीगण उपस्थित रहे।