साहिबगंज/ बरहरवा, प्रतिनिधि।
प्रसिद्ध बिंदुधाम मंदिर प्रांगण में आयोजित शतचंडी महायज्ञ सह बिंदुधाम रामनवमी मेला का भव्य शुभारंभ श्रद्धा, आस्था और उल्लास के वातावरण में हुआ। नवरात्र के पावन अवसर पर आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया है। मंदिर परिसर वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और जयकारों से गूंज उठा।

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन झामुमो नेता संजय गोस्वामी एवं राजमहल अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो ने संयुक्त रूप से मंदिर के मुख्य द्वार पर फीता काटकर तथा नारियल फोड़कर किया। उद्घाटन के पश्चात पंचमी तिथि के दिन आचार्यों द्वारा वैदिक रीति-रिवाजों के साथ यज्ञ में अग्नि प्रवेश कराया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर माँ बिंदुवासिनी के दर्शन किए और क्षेत्रवासियों की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।

मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सभी अतिथियों का पारंपरिक तरीके से बुके एवं चुनरी भेंट कर सम्मान किया गया। समारोह में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी यज्ञ में आहुति देकर धर्मलाभ प्राप्त किया। पूरे आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जिससे भक्तों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीओ सदानंद महतो ने बरहरवा, पतना एवं पूरे राजमहल अनुमंडल क्षेत्रवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं।
ज्ञात हो कि शतचंडी महायज्ञ के उपरांत प्रारंभ हुआ रामनवमी मेला पूरे एक माह तक चलेगा। इस दौरान दूर-दराज से लाखों श्रद्धालुओं के बिंदुधाम पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न समितियों द्वारा भंडारे का आयोजन किया गया है, जहां आगंतुकों को निःशुल्क भोजन एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा एवं व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
मौके पर बरहरवा बीडीओ सन्नी कुमार दास, पतना बीडीओ कुमार देवेश द्विवेदी, बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल, बरहरवा सीओ अनोज कुमार, मंदिर प्रबंध समिति के कार्यकारी अध्यक्ष शक्तिनाथ अमन, दिनेश कर्मकार, जितेंद्र यादव, रूपक भगत सहित अनेक गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
धार्मिक आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम बना बिंदुधाम का यह आयोजन क्षेत्र के लिए विशेष महत्व रखता है। एक माह तक चलने वाले इस मेले को लेकर स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह है और प्रशासनिक स्तर पर भी सभी तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं।

