साहिबगंज, प्रतिनिधि।
खेल एवं युवा मामलों के मंत्रालय, भारत सरकार तथा छत्तीसगढ़ सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हो रहे प्रथम खेलो इंडिया जनजातीय (ट्राइबल) गेम्स में साहिबगंज जिले की प्रतिभा भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगी। 25 मार्च से 03 अप्रैल तक छत्तीसगढ़ के रायपुर, जगदलपुर एवं सरगुजा में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए जिले से एक एथलीट और दो कोचों का चयन किया गया है, जिससे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

जिला खेल विभाग द्वारा संचालित आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ी एमानुएल किस्कू का चयन 110 मीटर हर्डल्स एवं 4×100 मीटर रिले स्पर्धा के लिए झारखंड राज्य टीम में हुआ है। रांची में आयोजित विशेष प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के बाद वे टीम के साथ प्रतियोगिता स्थल के लिए रवाना हो चुके हैं। एमानुएल से जिले को उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीदें हैं।
वहीं, साहिबगंज स्थित आवासीय एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षक योगेश यादव को 30 मार्च से 02 अप्रैल तक जगदलपुर के क्रीड़ा परिसर धर्मपुरा में आयोजित एथलेटिक्स स्पर्धा के सफल संचालन हेतु नेशनल टेक्निकल ऑफिशियल नियुक्त किया गया है। यह जिम्मेदारी उनके अनुभव और दक्षता को दर्शाती है।
इसके अलावा, सिद्धो-कान्हु स्टेडियम में संचालित खेलो इंडिया कुश्ती केंद्र के प्रशिक्षक प्रकाश सिंह बादल को 28 से 31 मार्च तक सरगुजा के गांधी स्टेडियम में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता के लिए झारखंड राज्य टीम का कोच बनाया गया है। उनकी देखरेख में टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर उपायुक्त हेमंत सती, उपविकास आयुक्त सतीश चंद्रा, आईटीडीए निदेशक संजय कुमार, अपर समाहर्ता गौतम भगत, जिला शिक्षा पदाधिकारी दुर्गानंद झा तथा जिला खेल पदाधिकारी सह जिला शिक्षा अधीक्षक कुमार हर्ष सहित जिले के खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों और कोचों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की है।
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में जिले की यह भागीदारी न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगी, बल्कि क्षेत्र के युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करने का भी कार्य करेगी।

