नवनियुक्त चौकीदारों को कार्यालयी प्रणाली एवं रिपोर्टिंग से संबंधित दिया गया प्रशिक्षण
न्यू पुलिस लाइन सभागार, गोड्डा में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, गोड्डा श्रीमती अंजली यादव एवं पुलिस अधीक्षक, गोड्डा श्री मुकेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में जिले में नवनियुक्त चौकीदारों हेतु एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य चौकीदारों को कार्यालयी कार्यप्रणाली, रिपोर्टिंग प्रणाली एवं उनके दायित्वों के प्रति जागरूक करना था, ताकि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन अधिक प्रभावी एवं जिम्मेदारीपूर्वक कर सकें।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि चौकीदार ग्रामीण स्तर पर प्रशासन और आमजनों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। उन्होंने सभी नवनियुक्त चौकीदारों को अपने कार्यों के प्रति सजग, ईमानदार एवं संवेदनशील रहने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि समय पर एवं सही सूचना का संप्रेषण प्रशासनिक कार्यों की सफलता में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
पुलिस अधीक्षक गोड्डा श्री मुकेश कुमार ने अपने संबोधन में चौकीदारों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उनकी अहम भूमिका से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अपराध या सामाजिक तनाव की सूचना तत्काल संबंधित थाना को उपलब्ध कराना आवश्यक है, जिससे समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों द्वारा चौकीदारों को दैनिक रिपोर्ट तैयार करने, सूचना संकलन एवं प्रेषण की प्रक्रिया, आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में उनकी भूमिका तथा जनसंपर्क के बेहतर तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस दौरान उपस्थित प्रशिक्षक सह जिला भू-अर्जन पदाधिकारी श्री रितेश जयसवाल ने व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से चौकीदारों को उनके कार्यों की बारीकियों से अवगत कराया तथा उनकी शंकाओं का समाधान भी किया गया।
अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण के उपरांत अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प दिलाया गया साथ ही जिले में ब्लड बैंक में कमी को देखते हुए सभी चौकीदारों के द्वारा स्वैच्छिक रूप से रक्तदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गोड्डा श्री अशोक प्रियदर्शी , सिविल सर्जन गोड्डा डॉ0 एससी शर्मा सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारीगण एवं कर्मी उपस्थित थे।