साहिबगंज, प्रतिनिधि।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) साहिबगंज नगर मंडल की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक रविवार को स्वामी विवेकानंद चौक स्थित राजमहल के पूर्व विधायक के कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर महामंत्री बिक्रम दास ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाना रहा।

बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के बीच संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा जनसरोकार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। नेताओं ने कहा कि पार्टी की नीतियों एवं केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को और अधिक सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
इस दौरान संगठन की मजबूती के लिए बूथ स्तर तक संरचना को सुदृढ़ करने, नए सदस्यों को जोड़ने तथा युवा वर्ग को पार्टी से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही आगामी राजनीतिक गतिविधियों एवं कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने पर भी चर्चा हुई।
वक्ताओं ने कहा कि भाजपा एक विचारधारा आधारित संगठन है, जिसकी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। ऐसे में प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों का प्रचार-प्रसार करे और उनकी समस्याओं को सुनकर समाधान के लिए प्रयास करे।
बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश कार्य समिति सदस्य धर्मेंद्र कुमार, साहिबगंज ग्रामीण मंडल अध्यक्ष अनुराग राहुल, पूर्व जिला उपाध्यक्ष रामानंद साह, अर्धेंदु बॉस, अनिल सिंहा, रविशंकर तांती, मनोज चौधरी, प्रकाश पंडित, रबिंद्र दास, अंगत यादव, शैलेश पासवान, मदन लाल पासवान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत बनाने तथा पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प लिया।
