साहिबगंज, संवाददाता।
शहर के पुरानी साहिबगंज गंगा घाट पर रविवार को स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक 19 वर्षीय युवक गंगा की तेज धारा में डूबकर लापता हो गया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों की भीड़ जुट गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोड्डा निवासी 19 वर्षीय निशांत कुमार अपने एक साथी के साथ गंगा घाट पर स्नान करने आया था। स्नान के दौरान दोनों युवक अनजाने में गहरे पानी की ओर बढ़ गए और अचानक संतुलन खो बैठे, जिससे वे डूबने लगे। घाट पर मौजूद लोगों ने जब दोनों को डूबते देखा तो शोर मच गया।
इसी बीच मौके पर मौजूद एक ई-रिक्शा चालक ने साहस और तत्परता का परिचय देते हुए तुरंत नदी में छलांग लगा दी और कड़ी मशक्कत के बाद एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, दूसरा युवक निशांत कुमार तेज धारा में बह गया और देखते ही देखते लापता हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही रिवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। थाना प्रभारी लव कुमार ने बताया कि युवक के डूबने की सूचना पर तत्काल खोजबीन शुरू कर दी गई है। स्थानीय गोताखोरों की मदद से गंगा में सर्च अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, चेतावनी संकेतक लगाने और गोताखोरों की स्थायी तैनाती की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

