कोटालपोखर, संवाददाता।
स्थानीय थाना प्रांगण में क्षेत्र के व्यापारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें बाजार के बड़ी संख्या में व्यवसायियों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी प्रदीप कुमार महतो ने की। इस अवसर पर एएसआई सुबास दास एवं गुलनाज बेगम भी उपस्थित रहे।

बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना तथा व्यापारियों के बीच सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाना था। थाना प्रभारी ने उपस्थित व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि हाल के दिनों में सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी से अपील की कि बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों में किसी भी संदिग्ध या अनजान व्यक्ति की गतिविधि नजर आने पर तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि किसी दुकानदार को कोई संदिग्ध व्यक्ति पकड़ में आता है, तो उसके साथ किसी प्रकार की मारपीट या दुर्व्यवहार न करें। कानून को अपने हाथ में लेने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें, जिससे विधि-सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित हो सके और किसी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।
थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय से ही क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने व्यापारियों से नियमित रूप से संवाद बनाए रखने और जरूरत पड़ने पर पुलिस का सहयोग लेने की बात कही।
बैठक के दौरान व्यापारियों ने भी पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने क्षेत्र में शांति, सौहार्द और सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।
