साहिबगंज, प्रतिनिधि।
झारखंड लोक सेवा आयोग, रांची द्वारा आयोजित झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा–2025 का आयोजन रविवार को साहिबगंज जिला मुख्यालय के 13 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। जिले के प्रमुख परीक्षा केंद्रों में राजस्थान इंटर स्कूल, पब्लिक हाई स्कूल, ईस्टर्न रेलवे हाई स्कूल, सेंट जेवियर्स स्कूल (अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम), साहिबगंज कॉलेज, सेंट जोसफ एकेडमी, जवाहर नवोदय विद्यालय, संध्या इंटर कॉलेज, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका विद्यालय, राजकीय कन्या मध्य विद्यालय, अपग्रेड नगरपालिका गर्ल्स हाई स्कूल तथा पीएम श्री अपग्रेड मिडिल स्कूल, बड़ापंचगढ़ शामिल रहे।

प्रथम पाली में कुल 3653 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 2205 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 1448 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 3653 अभ्यर्थियों में से 2203 ने परीक्षा दी, जबकि 1450 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रत्येक केंद्र पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। कदाचारमुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त निगरानी व्यवस्था लागू रही।
इस दौरान जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दुबे ने परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों, कर्मियों एवं आमजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
