साहिबगंज, प्रतिनिधि।
पूर्व रेलवे के मालदा मंडल द्वारा विश्व धरोहर दिवस के अवसर पर छात्र-उन्मुख कार्यक्रमों का आयोजन कर युवाओं में सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाने का सराहनीय प्रयास किया गया। यह कार्यक्रम मंडल रेल प्रबंधक श्री मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (पर्यावरण एवं हाउसकीपिंग प्रबंधन) श्री प्रदीप दास के पर्यवेक्षण में केंद्रीय विद्यालय, मालदा तथा ईस्टर्न रेलवे हाई स्कूल, साहिबगंज में आयोजित हुआ।

विश्व धरोहर दिवस की पूर्व संध्या पर 18 अप्रैल 2026 को चित्रांकन एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपने चित्रों और लेखों के माध्यम से ऐतिहासिक स्थलों, सांस्कृतिक धरोहरों तथा स्मारकों के संरक्षण के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
गौरतलब है कि प्रतिवर्ष 18 अप्रैल को मनाया जाने वाला यह दिवस, जिसे अंतरराष्ट्रीय स्मारक एवं स्थल दिवस के रूप में भी जाना जाता है, मानवता की साझा सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक धरोहर के संरक्षण के लिए समर्पित है। इस वर्ष की थीम “Emergency Response for Living Heritage in Contexts of Conflicts and Disasters” रखी गई है, जो आपदा एवं संकट की परिस्थितियों में धरोहर स्थलों की सुरक्षा की आवश्यकता को रेखांकित करती है।
इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूक करते हुए इसके संरक्षण की जिम्मेदारी का बोध कराया गया। साथ ही, यह आयोजन भारतीय रेल की धरोहर संरक्षण एवं जन-जागरूकता के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।
मालदा मंडल ने स्पष्ट किया कि ऐसे कार्यक्रमों के जरिए युवाओं में शैक्षिक सहभागिता, सांस्कृतिक चेतना और विरासत संरक्षण की भावना को निरंतर विकसित किया जाता रहेगा।
