कोटालपोखर, संवाददाता।
साहिबगंज जिले के कोटालपोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ा सोनाकर गांव में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। अवैध बालू ढो रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक बाइक सवार व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।


मृतक की पहचान बड़ा सोनाकर निवासी समीम अंसारी (लगभग 47 वर्ष) के रूप में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार समीम अंसारी किसी निजी कार्य से बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान हिरणपुर की ओर से बिना नंबर प्लेट के ओवरलोड बालू लेकर आ रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर उनकी बाइक से टकरा गया और उन्हें कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही कोटालपोखर थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
इधर, घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि समीम अंसारी अपने पीछे पत्नी और एक छोटी बच्ची को छोड़ गए हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए यह घटना उनके लिए गहरा आघात बनकर सामने आई है।
स्थानीय ग्रामीणों ने इस हादसे के लिए अवैध बालू परिवहन को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि हिरणपुर क्षेत्र से आने वाले बालू लदे ट्रैक्टर अक्सर तेज रफ्तार और लापरवाही से इस मार्ग से गुजरते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। बड़ा सोनाकर आदिवासी टोला से पेट्रोल पंप जाने वाली सड़क को ग्रामीणों ने अत्यंत संवेदनशील और खतरनाक बताया है।
घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध बालू परिवहन पर तत्काल रोक लगाने, दोषी वाहन चालक की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
