साहिबगंज, प्रतिनिधि।
झारखंड एथलेटिक्स संघ एवं जिला प्रशासन, बोकारो के संयुक्त तत्वावधान में 18 से 19 अप्रैल तक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, चंदनक्यारी (बोकारो) में आयोजित 15वीं झारखंड राज्य स्तरीय सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में साहिबगंज जिले की प्रतिभाशाली खिलाड़ी हुस्नआरा प्रवीण ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लंबीकूद स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

हुस्नआरा प्रवीण ने 5.34 मीटर की प्रभावशाली छलांग लगाकर प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया और जिले का नाम पूरे राज्य में रोशन किया। उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।
प्रतियोगिता में जिले के अन्य खिलाड़ियों ने भी बेहतर प्रदर्शन किया। सोनोत मरांडी ने 10000 मीटर दौड़ में चौथा स्थान प्राप्त किया, वहीं नीरज यादव ने जेवलिन थ्रो में चौथे स्थान पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सुजीत सरकार ने 5000 मीटर एवं 10000 मीटर दौड़ में पांचवां स्थान हासिल किया।
हुस्नआरा प्रवीण की इस उपलब्धि पर उपायुक्त दीपक कुमार दुबे, अपर समाहर्ता गौतम भगत, जिला खेल पदाधिकारी कुमार हर्ष, कोच योगेश यादव, अशोक साहनी, प्रकाश सिंह बादल सहित जिले के खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जिला प्रशासन एवं खेल विभाग के अधिकारियों ने कहा कि जिले के खिलाड़ियों को निरंतर प्रोत्साहन एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
इस प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया है कि साहिबगंज में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत है तो केवल सही मार्गदर्शन और अवसर की।
