साहिबगंज, प्रतिनिधि।
झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC), रांची द्वारा आयोजित झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा–2025 के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दुबे ने रविवार को जिला मुख्यालय स्थित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था, परीक्षार्थियों की सुविधाओं, प्रश्नपत्र वितरण प्रक्रिया, कक्ष निरीक्षण व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रबंधों का गहन जायजा लिया। उन्होंने केंद्राधीक्षकों एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और अनुशासन के साथ संपन्न कराने पर जोर दिया।
जिले में इस परीक्षा का आयोजन कुल 13 केंद्रों—राजस्थान इंटर स्कूल, पब्लिक हाई स्कूल, ईस्टर्न रेलवे हाई स्कूल, सेंट जेवियर्स स्कूल (अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम), साहिबगंज कॉलेज, सेंट जोसफ एकेडमी, जवाहर नवोदय विद्यालय, संध्या इंटर कॉलेज, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका विद्यालय, राजकीय कन्या मध्य विद्यालय, अपग्रेड नगरपालिका गर्ल्स हाई स्कूल तथा पीएम श्री अपग्रेड मिडिल स्कूल, बड़ापंचगढ़—में किया गया।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित हुई। प्रथम पाली पूर्वाह्न 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3:00 बजे से 5:00 बजे तक संचालित रही। इस दौरान कुल 3653 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।
परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए थे। 16 पर्यवेक्षक-सह-स्टैटिक दंडाधिकारी एवं 6 जोनल-सह-उड़नदस्ता दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी। विधि-व्यवस्था की जिम्मेदारी अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईन्द को सौंपी गई, जबकि जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुन्नू कुमार मिश्रा को नोडल पदाधिकारी एवं अपर समाहर्ता गौतम कुमार भगत को वरीय प्रभारी पदाधिकारी बनाया गया।
जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों से शांतिपूर्वक एवं नियमों का पालन करते हुए परीक्षा में शामिल होने की अपील की। साथ ही सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को परीक्षा की पवित्रता और गोपनीयता हर हाल में बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन की सुदृढ़ व्यवस्था के बीच परीक्षा पारदर्शी, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित माहौल में संपन्न हुई।

