साहिबगंज, प्रतिनिधि।
यात्रियों की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने तथा रेलवे संपत्ति की सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पूर्व रेलवे के मालदा मंडल अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा शनिवार को साहिबगंज में विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अपराध की रोकथाम तथा यात्रियों में विश्वास बढ़ाने के लिए सघन निगरानी एवं सक्रिय प्रवर्तन के तहत संचालित किया गया।

यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन तथा मंडल सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ/मालदा असीम कुमार कुल्लू के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ। यह पहल मंडल की यात्री सुरक्षा, संरक्षा एवं सेवा उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
अभियान के अंतर्गत ऑपरेशन अमानत चलाकर यात्रियों के खोए हुए सामान की पुनर्प्राप्ति एवं उन्हें सुरक्षित लौटाने का कार्य किया गया। इसी क्रम में शुक्रवार को साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर एक यात्री का खोया हुआ मोबाइल फोन साइबर सेल आरपीएफ की सहायता से आवश्यक सत्यापन के बाद उसके वास्तविक मालिक को सौंप दिया गया।
आरपीएफ मालदा मंडल की इस कार्रवाई ने उनकी सतर्कता, समर्पण और सक्रिय कार्यप्रणाली को एक बार फिर उजागर किया है। बल द्वारा यात्रियों की सुरक्षा, जरूरतमंदों की सहायता तथा रेलवे परिसर एवं ट्रेनों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
