साहिबगंज, संवाददाता।
गंगा नदी में डूबने से लापता हुए 19 वर्षीय युवक निशांत कुमार का शव घटना के करीब 30 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। रिवर थाना पुलिस के लगातार प्रयास और खोजबीन के बाद शव को नदी से बाहर निकाला गया। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।

जानकारी के अनुसार, शहर के पुरानी साहिबगंज स्थित ओझा टोली के समीप गंगा घाट पर स्नान करने के दौरान यह हादसा हुआ। बताया जाता है कि बिहार के बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र अंतर्गत खजूर कर्मा गांव निवासी निशांत कुमार अपने चचेरे भाई पीयूष कुमार और एक अन्य रिश्तेदार युवक के साथ गंगा स्नान करने आया था। स्नान के दौरान अचानक निशांत और पीयूष गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
घटना के दौरान घाट किनारे खड़े एक टोटो चालक ने शोर मचाया, जिसके बाद पास ही स्नान कर रहे एक व्यक्ति ने तत्परता दिखाते हुए पीयूष कुमार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, तब तक निशांत गंगा के तेज बहाव और गहराई में समा गया और लापता हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही रिवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल खोजबीन शुरू कर दी। स्थानीय गोताखोरों की मदद से लगातार प्रयास जारी रहा, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका। अंततः करीब 30 घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने निशांत का शव बरामद कर लिया।
बताया गया है कि निशांत कुमार जिरवाबाड़ी स्थित अपने बहनोई के घर आया हुआ था और इसी दौरान वह गंगा स्नान करने गया था। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आगे की कार्रवाई जारी है।
