पहले सेमीफाइनल में संत जेवियर बी को वॉकओवर, दूसरे में संत जेवियर ए की शानदार जीत
साहिबगंज, संवाददाता।
ज़िला क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में स्थानीय सिदो-कान्हू स्टेडियम में आयोजित डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट लीग जूनियर टी-20 टूर्नामेंट के तहत सोमवार को सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। दिन का पहला मुकाबला संत जेवियर बी और जवाहर नवोदय विद्यालय के बीच निर्धारित था, लेकिन नवोदय विद्यालय की टीम मैदान पर उपस्थित नहीं हो सकी। इसके चलते संत जेवियर बी की टीम को वॉकओवर देकर विजेता घोषित किया गया।

दिन का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला संत जेवियर ए और बोरियो सुपर किंग के बीच खेला गया, जो दर्शकों के लिए रोमांचक साबित हुआ। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बोरियो सुपर किंग की टीम ने 14.5 ओवर में 134 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से आदित्य मंडल ने शानदार 58 रनों की पारी खेली। संत जेवियर ए की ओर से गेंदबाजी में जुनैद, आकाश और अनुराग ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 2-2 विकेट अपने नाम किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी संत जेवियर ए की टीम ने संयमित और आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 16 ओवर में 3 विकेट खोकर 138 रन बना लिए और मैच 7 विकेट से अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से आदित्य ज्ञान ने 53 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि शांतनु ने 37 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। बोरियो सुपर किंग की ओर से कुश कुमार ने 2 विकेट हासिल किए।
उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए संत जेवियर ए के खिलाड़ी आदित्य ज्ञान को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। मुख्य अतिथि डॉ. सुमित कुमार एवं डॉ. दिग्विजय कुमार ने संयुक्त रूप से उन्हें मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया।
मैच में अंपायर की भूमिका मो. अशफाक आलम और तारिक अनवर ने निभाई, जबकि स्कोरिंग का दायित्व मो. अनाउल्लाह और श्याम रंजन तिवारी ने संभाला। टूर्नामेंट इंचार्ज मोहम्मद अशफाक आलम ने बताया कि सेमीफाइनल मुकाबलों के उपरांत अंकों के आधार पर संत जेवियर स्कूल ए और बोरियो सुपर किंग की टीमें फाइनल में पहुंची हैं। फाइनल मुकाबले की तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी।
