बोरियो, संवाददाता।
साहिबगंज जिले के बोरियो प्रखंड अंतर्गत धोगड़ा गांव में एक महिला के डायरिया से पीड़ित होने पर स्वास्थ्य विभाग की त्वरित कार्रवाई से उसकी स्थिति में सुधार हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार धोगड़ा गांव निवासी पक्कू मरांडी (25) को सोमवार रात अचानक उल्टी एवं कै-दस्त की गंभीर शिकायत हुई, जिससे परिजनों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बोरियो के प्रभारी डॉ. पंकज कुमार ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल स्वास्थ्यकर्मी को गांव भेजा। प्राथमिक जांच के बाद पीड़िता को सीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज शुरू किया गया।
सीएचसी में उपस्थित डॉ. पंकज कुमार गुप्ता ने महिला को आवश्यक चिकित्सा सुविधा प्रदान करते हुए ओआरएस घोल एवं स्लाइन चढ़ाया। उपचार के दौरान एएनएम आशा कुमारी ने मरीज की सतत देखभाल की। समय पर उपचार मिलने से पीड़िता की स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।
इस संबंध में सीएचसी प्रभारी ने बताया कि “शून्य डायरिया अभियान” के तहत अस्पताल में डायरिया से संबंधित सभी आवश्यक दवाएं एवं स्लाइन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।
उन्होंने बताया कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य केंद्रों में कार्यरत सीएचओ, एएनएम एवं साहिया को निर्देश दिया गया है कि डायरिया के किसी भी मरीज का इलाज तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर शुरू किया जाए, ताकि गंभीर स्थिति से बचाव किया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी प्रकार के लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।
