बरहेट, संवाददाता।
प्रखंड क्षेत्र स्थित दीनी शिक्षण संस्थान मदरसा ईहया उस सुन्नाह कदमा में शनिवार को एक दिवसीय भव्य जलसा सह दस्तारबंदी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नमाज-ए-जौहर के बाद हुआ और देर रात होते हुए रविवार सुबह लगभग 4 बजे तक श्रद्धा और अनुशासन के साथ संपन्न हुआ।

इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रख्यात धर्मगुरुओं ने कुरआन और हदीस की रोशनी में अपने विचार प्रस्तुत किए। उनकी प्रभावशाली तकरीरों ने उपस्थित लोगों को धर्म, नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान दो छात्रों को हाफिज-ए-कुरान बनने पर सम्मानित करते हुए उनकी दस्तारबंदी की गई, जो समारोह का प्रमुख आकर्षण रहा। इस मौके पर उपस्थित लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मदरसा के संचालन एवं विकास के लिए मौलाना अली मुर्तजा फैजी के नेतृत्व में चंदा संग्रह का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर योगदान दिया।

मदरसा के अध्यक्ष प्रोफेसर नजरूल इस्लाम ने कार्यक्रम की सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि जलसा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता मौलाना कुतुबुद्दीन सलफी ने की, जबकि मंच संचालन (नजामत) की जिम्मेदारी मौलाना शमशेर अली इस्लाही ने बखूबी निभाई।
इस जलसे में मुख्य अतिथि के रूप में झामुमो प्रखंड सचिव मुजीबुर रहमान तथा झामुमो युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद अली सहित प्रखंड कमेटी के कई सदस्य उपस्थित रहे और कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई।
जलसा का समापन मुख्य वक्ता मौलाना सैफुल इस्लाम एवं देवघर (झारखंड) से आए इमामूल इस्लाम असरी की प्रभावशाली तकरीरों के साथ हुआ।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रोताओं की उपस्थिति रही, जिन्होंने देर रात तक पूरी तन्मयता के साथ तकरीरें सुनीं। आयोजन समिति द्वारा मेहमानों के लिए निशुल्क भोजन तथा महिलाओं के लिए विशेष परदा व्यवस्था की गई थी, जिसकी सभी ने सराहना की।
