राजमहल, संवाददाता।
झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) द्वारा आयोजित कक्षा आठवीं बोर्ड परीक्षा में उत्क्रमित मध्य विद्यालय, प्राणपुर ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रखंड में अपनी श्रेष्ठता साबित की है। विद्यालय ने शत-प्रतिशत परिणाम हासिल कर न केवल शिक्षा के क्षेत्र में नई मिसाल कायम की है, बल्कि पूरे क्षेत्र का गौरव भी बढ़ाया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इस वर्ष विद्यालय के कुल 152 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में भाग लिया था। उल्लेखनीय है कि सभी 152 विद्यार्थी सफल घोषित हुए, जो विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और शिक्षकों की मेहनत का प्रत्यक्ष प्रमाण है। इस शानदार उपलब्धि से विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, वहीं अभिभावकों और ग्रामीणों में भी खुशी की लहर दौड़ गई।
विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों में यास्मीन खातून, नईम रेजा, असुरा खातून, आफरीन खातून, टूम्पा खातून, अरमीना खातून, एमडी साहिन, तौसीफ शेख एवं सिमरन खातून सहित कई छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। इन छात्रों की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक अतौर रहमान उर्फ टुन्नू ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी विद्यार्थियों को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले वर्षों में भी विद्यालय इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करता रहेगा।
वहीं विद्यालय के शिक्षक मोकाउर अली, अब्दुल शहीद, आईसीटी शिक्षक अजीत शेख तथा अंग्रेजी शिक्षक सरफराज अहमद ने भी छात्रों को बधाई देते हुए उन्हें आगे भी कड़ी मेहनत करने और उच्च लक्ष्य निर्धारित कर सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
प्राणपुर मध्य विद्यालय की इस ऐतिहासिक सफलता ने न केवल शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार किया है, बल्कि यह साबित कर दिया है कि संसाधनों की सीमाओं के बावजूद समर्पण और मेहनत से बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।
