तालझारी, संवाददाता।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तालझारी में सोमवार को “वन वीक–वन सीएचसी” अभियान के तहत विशेष टीकाकरण बैठक का आयोजन किया गया। सीएचसी सभागार में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रंजन कुमार ने की। बैठक में क्षेत्र के सभी सहिया साथी, बीटीटी, स्वास्थ्य कर्मी एवं संबंधित पदाधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक टीकाकरण की पहुंच सुनिश्चित करना था, ताकि कोई भी व्यक्ति इससे वंचित न रह जाए। इस दिशा में जमीनी स्तर पर कार्य को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि वे टीकाकरण कार्य में पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ जुटें तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करें।
बैठक के दौरान जिला स्तर से पहुंचे यूनिसेफ से जुड़े समन्वयक रंजीत कुमार एवं अनुमंडलीय प्रतिनिधि तन्मय कुमार ने स्वास्थ्य कर्मियों को हेड काउंट सर्वे, ड्यू लिस्ट तैयार करने तथा लाभार्थियों की सही पहचान सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि टीकाकरण अभियान की सफलता के लिए सूक्ष्म योजना (माइक्रो प्लानिंग) अत्यंत आवश्यक है, जिससे हर गांव और हर घर तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकें।
इसके अलावा बैठक में एचपीवी वैक्सीनेशन को बढ़ावा देने पर भी विशेष बल दिया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि एचपीवी टीकाकरण कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, इसलिए इसके प्रति समुदाय में जागरूकता फैलाना बेहद जरूरी है। स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया गया कि वे घर-घर जाकर लोगों को टीकाकरण के महत्व के बारे में जागरूक करें और उन्हें अभियान से जोड़ें।
इस अवसर पर प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक विजय राम, प्रखंड लेखा प्रबंधक देवनारायण रविदास, सहिया पर्यवेक्षक अवधेश कुमार सहित कई स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि क्षेत्र में शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक रूप से प्रयास किए जाएंगे।
