मंडरो, संवाददाता।
मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र अंतर्गत पश्चिमी रेलवे फाटक के समीप सोमवार को एंटी क्राइम अभियान के तहत पुलिस की सक्रियता और सतर्कता स्पष्ट रूप से देखने को मिली।

एएसआई विल्सन हांसदा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया, जिसमें आने-जाने वाले हर संदिग्ध वाहन को रोककर बारीकी से जांच की गई।
जांच के दौरान पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों से ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन रजिस्ट्रेशन, बीमा एवं अन्य आवश्यक कागजातों की गहन पड़ताल की। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई के संकेत दिए गए। अभियान के दौरान पुलिस की मुस्तैदी के कारण क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल भी देखा गया और कई वाहन चालक सतर्क होकर नियमों का पालन करते नजर आए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र सीमावर्ती इलाका होने के कारण यहां विशेष चौकसी बरती जा रही है। अवैध गतिविधियों, तस्करी और अपराध पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से इस प्रकार के अभियान नियमित रूप से चलाए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की सघन जांच से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और अपराधियों में भय का माहौल बनेगा।
