राजमहल, प्रतिनिधि।
राजमहल थाना में पदस्थापित चौकीदार वासुदेव तांती के सेवानिवृत्त होने के अवसर पर सोमवार को थाना परिसर में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर थाना प्रभारी हसनैन अंसारी सहित थाना के सभी पुलिसकर्मियों ने उन्हें अंगवस्त्र, बुके, उपहार एवं फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया और उनके लंबे सेवाकाल को सराहा।

समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने वासुदेव तांती के समर्पण, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए भावभीनी विदाई दी।
अपने संबोधन में वासुदेव तांती ने सेवा काल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा आपसी तालमेल, नियमों के पालन और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। उन्होंने युवा कर्मियों को संदेश देते हुए कहा कि ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और मधुर व्यवहार ही किसी भी व्यक्ति को बेहतर कर्मी बनाते हैं।
वहीं, थाना प्रभारी हसनैन अंसारी ने कहा कि सरकारी सेवा में प्रवेश के साथ ही सेवानिवृत्ति की तिथि भी तय हो जाती है। जीवन में सुख-दुख के बीच यह समय भी आता है, जिसे सभी को स्वीकार करना होता है। उन्होंने वासुदेव तांती के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा।
इस मौके पर एएसआई ओमप्रकाश चौहान, पवन यादव, महादेव उरांव सहित थाना के अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित थे। समारोह का समापन सम्मान एवं शुभकामनाओं के साथ हुआ।
