साहिबगंज, संवाददाता।
झारखंड मजदूर संघ (प्रजातांत्रिक) की जिला स्तरीय बैठक रेलवे परिसर, राजमहल में जिला महामंत्री मोहम्मद इमाम विश्वास की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में आगामी 1 मई को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस (मई दिवस) की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई और कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर रणनीति तय की गई।

बैठक में केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर मजदूर हित में काम करने की अपील की। इस दौरान निर्णय लिया गया कि भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए 1 मई को सुबह 9:00 बजे राजमहल रेलवे स्टेशन परिसर से नया बाजार स्थित दुर्गा मंदिर तक रैली निकाली जाएगी। इसके पश्चात जागरूकता सभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मजदूरों के अधिकारों और समस्याओं पर चर्चा होगी।
बैठक में मई दिवस कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए जिला सहायक मंत्री मिथुन राजवंशी को कार्यक्रम प्रभारी नियुक्त किया गया। साथ ही संगठन को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से केंद्रीय कमिटी की सहमति के बाद जिला कमिटी में आंशिक फेरबदल करते हुए नई कमिटी की घोषणा की गई।
नई जिला कमिटी के तहत प्रियतम कुमार पीयूष को जिला अध्यक्ष, मो. सईद अख्तर को कार्यकारी अध्यक्ष, निखिल यादव, मुखलेशुर रहमान और उदरन हांसदा को उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं मोहम्मद इमाम विश्वास को महामंत्री, चौकीदार हांसदा को संयुक्त मंत्री, पोलुस गुरुजी टुडू, मिथुन राजवंशी और मो. सद्दाम अंसारी को सहायक मंत्री नियुक्त किया गया है। जावेद अख्तर को कार्यालय मंत्री, राकेश कुमार महतो को कोषाध्यक्ष सह मीडिया प्रभारी तथा राम कृष्ण प्रमाणिक को संगठन मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बैठक में दुर्योधन शाह, सद्दाम अंसारी, भैरव मेहता, रवि घोष, सुरेंद्र कुमार, फिरोज अंसारी समेत संगठन के कई सदस्य मौजूद रहे। सभी ने मई दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
