22 पावर स्प्रेयर व 4 पावर वीडर बांटे गए, खेती को सरल, सुरक्षित और लाभकारी बनाने पर जोर
साहिबगंज, संवाददाता।
जिले में कृषि क्षेत्र को सशक्त और आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए “गन्ना विकास योजना” के तहत किसानों के बीच आधुनिक कृषि यंत्रों का वितरण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कार्यालय सहायक निदेशक, गन्ना विकास, साहिबगंज के तत्वावधान में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।

कार्यक्रम में कृषि पदाधिकारी प्रमोद एक्का एवं सहायक निदेशक गन्ना विकास पदाधिकारी अमितेश रंजन की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान अधिकारियों ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़कर खेती को अधिक सरल, सुरक्षित और लाभकारी बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि आधुनिक उपकरणों के उपयोग से उत्पादन बढ़ेगा और किसानों की आय में भी वृद्धि होगी।
आधुनिक यंत्रों का वितरण
कार्यक्रम के दौरान कुल 22 पावर स्प्रेयर एवं 4 पावर वीडर किसानों के बीच वितरित किए गए। ये सभी उपकरण गन्ना खेती में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं को ध्यान में रखकर उपलब्ध कराए गए हैं।
पावर स्प्रेयर से होगा सुरक्षित छिड़काव
अधिकारियों ने बताया कि पावर स्प्रेयर पेट्रोल संचालित उपकरण है, जो लगभग 30 मीटर तक प्रभावी छिड़काव करने में सक्षम है। इसकी मदद से किसान खेत के बाहर खड़े होकर ही फसल पर दवा का छिड़काव कर सकते हैं। इससे घने गन्ने के खेतों में प्रवेश की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, जिससे पत्तियों से होने वाली चोटों का जोखिम कम होगा और समय व श्रम की बचत होगी।
पावर वीडर से आसान होगी निराई-गुड़ाई
पावर वीडर एक बहुउपयोगी मशीन है, जो खेतों में निराई-गुड़ाई के कार्य को तेज और सरल बनाती है। यह फसल की कतारों के बीच उगने वाले खरपतवार को हटाकर फसल को पर्याप्त पोषण उपलब्ध कराती है। साथ ही मिट्टी को भुरभुरी बनाकर जड़ों तक हवा और पानी के बेहतर प्रवाह में सहायक होती है, जिससे उत्पादन में वृद्धि और लागत में कमी आती है।
किसानों में दिखा उत्साह
यंत्र प्राप्त करने वाले किसानों में खासा उत्साह देखा गया। एक लाभार्थी किसान ने बताया कि पहले घने गन्ने के खेतों में जाकर दवा छिड़काव करना कठिन और जोखिम भरा होता था, लेकिन अब नई मशीन की मदद से बाहर खड़े होकर ही आसानी से छिड़काव किया जा सकेगा। इससे मेहनत और समय दोनों की बचत होगी।
सुरक्षित उपयोग की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों द्वारा किसानों को मशीनों के सही संचालन और सुरक्षित उपयोग के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई, ताकि वे इन उपकरणों का अधिकतम लाभ उठा सकें।
