राजमहल, संवाददाता।
विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर बुधवार को मॉडल कॉलेज राजमहल में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की दोनों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य सह भू-वैज्ञानिक डॉ. रणजीत कुमार सिंह के दिशा-निर्देश में किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. रमजान अली के प्रेरणादायक संबोधन से हुई। उन्होंने पृथ्वी दिवस के इतिहास और महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि पृथ्वी का संरक्षण ही मानवता के सुरक्षित भविष्य की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनने और दैनिक जीवन में छोटे-छोटे प्रयास करने की अपील की।

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। छात्र कुतुब, फरहान और जीशान ने आकर्षक पेंटिंग बनाकर प्रकृति के महत्व को दर्शाया, वहीं छात्राएँ सिफा, नासरीन और उनजेला ने रंगोली के माध्यम से इस वर्ष की थीम “हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्रा नेहा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए पृथ्वी को मानव जीवन का आधार बताते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए इसे सुरक्षित रखना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। वहीं छात्र शीतांशु ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
प्राचार्य का संदेश डॉ. अमित कुमार द्वारा पढ़कर सुनाया गया। संदेश में कहा गया कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम समाज में कर्तव्य बोध उत्पन्न करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि छोटे-छोटे प्रयास ही बड़े परिवर्तन का आधार बनते हैं और प्रत्येक व्यक्ति को पृथ्वी संरक्षण के लिए अपना योगदान सुनिश्चित करना चाहिए।
कार्यक्रम के समापन पर छात्र-छात्राओं ने वृक्षारोपण किया तथा पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। साथ ही “धरती बचाओ” का सामूहिक संदेश देते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर कॉलेज के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से मोहन सिंह, जयकर और प्रकाश महतो की सक्रिय भागीदारी रही।
