सुरक्षा, तकनीकी, पर्यावरण व संचालन तैयारियों की होगी समीक्षा, कई विभागों के अधिकारी रहेंगे मौजूद
बोकारो, प्रतिनिधि।
बोकारो हवाई अड्डा से क्षेत्रीय संपर्क योजना (आरसीएस) के तहत उड़ान सेवा प्रारंभ कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने अपनी पहल तेज कर दी है। इस महत्वपूर्ण परियोजना को लेकर उपायुक्त श्री अजय नाथ झा की अध्यक्षता में गुरुवार 30 अप्रैल को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में एक अहम बैठक आयोजित की गई है।
बैठक में एयरपोर्ट संचालन से जुड़े सभी आवश्यक पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। इसके लिए सुरक्षा, तकनीकी, पर्यावरण, अग्निशमन, स्वास्थ्य एवं विमानन से संबंधित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को शामिल होने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन की ओर से यह बैठक बोकारो एयरपोर्ट से व्यावसायिक उड़ान सेवा शुरू करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
जानकारी के अनुसार बैठक में पुलिस अधीक्षक, वन प्रमंडल पदाधिकारी, इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी), एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई), सेल-बोकारो स्टील प्लांट के संबंधित अधिकारी, क्षेत्रीय संपर्क योजना के नोडल पदाधिकारी, झारखंड प्रदूषण नियंत्रण पर्षद, अग्निशमन विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
बैठक के दौरान बोकारो एयरपोर्ट से उड़ान सेवा शुरू करने के लिए आवश्यक आधारभूत संरचना, सुरक्षा मानकों की उपलब्धता, तकनीकी अनुमोदन, पर्यावरणीय स्वीकृतियां तथा संचालन संबंधी तैयारियों और अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर लंबित प्रक्रियाओं को गति देने पर भी विचार-विमर्श होगा।
गौरतलब है कि बोकारो जैसे औद्योगिक और व्यावसायिक शहर से हवाई सेवा शुरू होने की मांग लंबे समय से उठती रही है। उड़ान सेवा प्रारंभ होने से न केवल बोकारो बल्कि आसपास के जिलों के लोगों को भी बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी। इसके अलावा व्यापार, उद्योग, निवेश और पर्यटन को भी नया प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
जिला प्रशासन की इस पहल को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। अब नजरें इस बैठक के नतीजों और उड़ान सेवा शुरू करने की दिशा में आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।
