श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सहयोगी रहे वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता को प्रधानमंत्री ने दिया विशेष सम्मान, तालियों से गूंज उठा समारोह स्थल
कोलकाता(सा.सं.)।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में पहली बार बन रही भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में एक ऐसा भावुक क्षण रचा, जिसने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। समारोह के दौरान प्रधानमंत्री ने मंच पर मौजूद 98 वर्षीय वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता माखन लाल सरकार को झुककर प्रणाम किया और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद प्रधानमंत्री ने उन्हें गले भी लगाया। यह दृश्य देखते ही समारोह स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कोलकाता में आयोजित इस ऐतिहासिक समारोह में माखन लाल सरकार अभिनेता एवं भाजपा नेता मिथुन चोक्रावती के साथ मंच पर बैठे हुए थे। प्रधानमंत्री जैसे ही उनके पास पहुंचे, पूरा माहौल भावुक हो उठा। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे पार्टी की कार्यकर्ता संस्कृति और वरिष्ठ नेताओं के सम्मान की मिसाल बताया।

कौन हैं माखन लाल सरकार
98 वर्षीय माखन लाल सरकार पश्चिम बंगाल के सिलिगुड़ी निवासी हैं और राज्य में भाजपा के सबसे पुराने एवं समर्पित कार्यकर्ताओं में गिने जाते हैं। वे भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के करीबी सहयोगियों में शामिल रहे हैं।
बताया जाता है कि वर्ष 1952 में जम्मू-कश्मीर में भारतीय तिरंगा फहराने के आंदोलन के दौरान वे श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ सक्रिय रहे थे। उसी दौरान उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था। राष्ट्रवादी विचारधारा से जुड़े आंदोलनों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है।
भाजपा संगठन को मजबूत करने में निभाई बड़ी भूमिका
भाजपा के गठन के बाद वर्ष 1980 में माखन लाल सरकार को पश्चिम दिनाजपुर, जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग जिलों का संगठनात्मक समन्वयक बनाया गया था। पार्टी सूत्रों के अनुसार उन्होंने मात्र एक वर्ष के भीतर करीब 10 हजार लोगों को भाजपा से जोड़ने का कार्य किया।
वर्ष 1981 से लगातार सात वर्षों तक उन्होंने जिला अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। उस समय भाजपा संगठन में किसी नेता का लंबे समय तक एक ही पद पर बने रहना असाधारण माना जाता था। संगठन विस्तार और कार्यकर्ता निर्माण में उनकी भूमिका को आज भी भाजपा के वरिष्ठ नेता याद करते हैं।
अमित मालवीय ने साझा किया वीडियो
भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने इस भावुक पल का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा कि भाजपा अपने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और नेताओं का सम्मान करना जानती है। उन्होंने माखन लाल सरकार को राष्ट्रवादी आंदोलन के शुरुआती जमीनी नेताओं में से एक बताया।
सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग प्रधानमंत्री मोदी के इस व्यवहार की सराहना कर रहे हैं। समारोह का यह दृश्य पश्चिम बंगाल की राजनीति में भाजपा के नए अध्याय के साथ-साथ संगठन के पुराने कार्यकर्ताओं के सम्मान का प्रतीक बन गया।