बरहरवा, संवाददाता।
रेल यात्रियों की सुरक्षा एवं रेलवे परिसर में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) बरहरवा को बड़ी सफलता हाथ लगी है। आरपीएफ ने शुक्रवार की देर रात बरहरवा रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए दो शातिर मोबाइल चोरों को गिरफ्तार किया तथा उनके कब्जे से चोरी के चार मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत 53,488 रुपये बताई गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को रात्रि लगभग 2:15 बजे आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार अपने सहयोगी सहायक उपनिरीक्षक सुरेश पासवान एवं सिपाही सुजीत कुमार सिंह के साथ स्टेशन परिसर में गश्त एवं सघन जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान प्लेटफार्म संख्या-3 पर खड़ी विश्वभारती पैसेंजर ट्रेन के कोचों की जांच की जा रही थी। जांच के क्रम में दो युवक ट्रेन के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते हुए दिखाई दिए।
आरपीएफ टीम ने जब दोनों को पूछताछ के लिए रोकने का प्रयास किया तो वे ट्रेन से कूदकर भागने लगे। हालांकि आरपीएफ जवानों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण दोनों को कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया गया। इसके बाद उनकी विधिवत तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से कुल चार मोबाइल फोन बरामद हुए।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने अपनी पहचान चांद शेख (25 वर्ष) एवं इस्तेफाक शेख (30 वर्ष) के रूप में बताई। दोनों पाकुड़ जिले के निवासी हैं। आरपीएफ द्वारा की गई गहन पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि बरामद मोबाइल फोनों में से दो मोबाइल बरहरवा रेलवे स्टेशन के द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय में सो रहे यात्रियों से तथा दो मोबाइल टिकट काउंटर के समीप सोए हुए व्यक्तियों से चोरी किए गए थे।
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि बरामद चारों मोबाइल फोन स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में विधिवत जब्त किए गए। समय रहते कार्रवाई किए जाने से चोरी की संपत्ति को बरामद कर लिया गया और यात्रियों को राहत मिली। आवश्यक कानूनी एवं दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को बरामद मोबाइल फोन एवं संबंधित कागजात के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई हेतु जीआरपी बरहरवा के हवाले कर दिया गया।
आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि रेलवे परिसर में अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए विशेष निगरानी, गश्त एवं जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है। यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
यात्रियों से सतर्क रहने की अपील
आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने मोबाइल फोन, बैग एवं अन्य कीमती सामानों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें। विशेषकर प्रतीक्षालय, प्लेटफार्म और टिकट काउंटर के आसपास विश्राम करते समय अपने सामान पर नजर बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल रेलवे सुरक्षा बल या जीआरपी को दें।