साहिबगंज, प्रतिनिधि।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 56वें जन्मदिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला कांग्रेस कार्यालय, साहिबगंज में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से उत्साहपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकतुल्लाह खान ने की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने केक काटकर तथा एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर राहुल गांधी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सफल राजनीतिक जीवन की कामना की।

जन्मदिवस समारोह के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम में राहुल गांधी के राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि राहुल गांधी लोकतंत्र, संविधान, सामाजिक न्याय तथा देश के वंचित, शोषित और कमजोर वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत हैं। उन्होंने देश में लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने और आम जनता की आवाज को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

अपने संबोधन में बरकतुल्लाह खान ने कहा कि राहुल गांधी आज देश के युवाओं, किसानों, मजदूरों और आम जनता की आवाज बनकर लोकतांत्रिक व्यवस्था एवं संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए सतत संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का संपूर्ण जीवन जनसेवा, सामाजिक न्याय तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए समर्पित रहा है। उनके विचार, संघर्ष और जनसरोकार करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी के विचारों और संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध हैं तथा सामाजिक सद्भाव, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित के मुद्दों को और अधिक मजबूती प्रदान करने का कार्य करते रहेंगे।
कार्यक्रम का समापन राहुल गांधी के नेतृत्व में देश में सामाजिक न्याय, भाईचारा, लोकतांत्रिक व्यवस्था तथा जनकल्याण के मूल्यों को सशक्त बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
इस अवसर पर बास्कीनाथ यादव, मो. कलीमुद्दीन, उमेश पांडे, सरफराज आलम, रामसिंगार ओझा, मो. सलाउद्दीन, उमेश तिवारी, गणेश साहा, नेहाल अख्तर, थॉमस रॉबर्ट, मजहर खान, सतीश पासवान, मो. रिजवान अहमद, मो. नौसाद, मो. रियाज, मो. मिराज, सत्यम यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित थे।