उत्कृष्ट आम उत्पादकों, स्वयं सहायता समूहों और लाभुकों को किया गया सम्मानित
बरहरवा, प्रतिनिधि।
बरहरवा प्रखंड कार्यालय परिसर में शनिवार को बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत एक दिवसीय आम महोत्सव सह बागवानी मेला का भव्य आयोजन किया गया। मनरेगा एवं झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में किसानों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं तथा ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। मेले का उद्देश्य बागवानी आधारित आजीविका को बढ़ावा देना, आम उत्पादकों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक प्रतिनिधि बरकत खान, सांसद प्रतिनिधि अब्दुल कादिर, प्रखंड विकास पदाधिकारी सन्नी कुमार दास, अंचल अधिकारी अनोज कुमार, प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल गफ्फूर, कार्यपालक पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, बीपीएम एवं बीपीओ ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

उद्घाटन के पश्चात अतिथियों ने बिरसा हरित ग्राम योजना के लाभुकों तथा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। मेले में आम की विभिन्न उत्कृष्ट किस्मों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही। ग्रामीण क्षेत्रों से आए किसानों और समूह की दीदियों ने सुसज्जित टोकरियों में अलग-अलग प्रजातियों के आमों का प्रदर्शन किया, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की। प्रदर्शनी के माध्यम से स्थानीय किसानों को अपनी उपज प्रदर्शित करने और विपणन के नए अवसरों से जुड़ने का मंच मिला।
महोत्सव के दौरान आम उत्पादन, बागवानी प्रबंधन एवं फलोद्यान आधारित आजीविका से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर किसानों को जानकारी दी गई। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि बिरसा हरित ग्राम योजना ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस योजना के माध्यम से किसानों को बागवानी गतिविधियों से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
वक्ताओं ने किसानों एवं स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण उत्पादन, आधुनिक तकनीकों का उपयोग और बेहतर विपणन व्यवस्था अपनाकर ग्रामीण परिवार आर्थिक रूप से अधिक सशक्त बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल किसानों को प्रोत्साहित करते हैं, बल्कि ग्रामीण प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और अन्य लोगों को प्रेरित करने का भी कार्य करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लाभुकों, आकर्षक एवं बेहतर स्टॉल सजाने वाले प्रतिभागियों तथा उल्लेखनीय कार्य करने वाली स्वयं सहायता समूह की दीदियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वालों ने इस पहल को प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में और बेहतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन बीपीएम फैज आलम ने किया। उनके कुशल संचालन से आयोजन गरिमामय एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। इस अवसर पर बीपीओ विजय राजवीर, जेनी विभा, मनरेगा एवं जेएसएलपीएस के पदाधिकारी एवं कर्मी, विभिन्न कैडर, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
ग्रामीण विकास, बागवानी संवर्धन और किसानों की आय वृद्धि के उद्देश्य से आयोजित यह आम महोत्सव क्षेत्र के किसानों और ग्रामीण समुदाय के लिए प्रेरणादायक एवं लाभकारी साबित हुआ। आयोजन में उमड़ी भीड़ और व्यापक सहभागिता ने इसकी सफलता पर मुहर लगा दी।