साहिबगंज, प्रतिनिधि।
मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति लोगों, विशेषकर युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से जिला खेल कार्यालय, साहिबगंज द्वारा रविवार को फूलो-झानो इंडोर स्टेडियम में हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्घाटन उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने किया। इस अवसर पर अधिकारियों, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों तथा आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

यह कार्यक्रम खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड, रांची के निर्देशानुसार आयोजित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से दूर रखकर खेलकूद एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना है, ताकि वे स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर समाज के विकास में सकारात्मक भूमिका निभा सकें।

उपायुक्त ने कहा कि मादक पदार्थों का सेवन न केवल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। ऐसे में जागरूकता अभियान के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराना और उन्हें इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करना अत्यंत आवश्यक है।
अभियान के तहत सोमवार को प्रातः 6 बजे सिद्धो-कान्हु स्टेडियम से महिला एवं पुरुष वर्ग के लिए क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन किया जाएगा। वहीं संध्या 4 बजे चांद-भैरव इंडोर स्टेडियम में पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित होगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के साथ-साथ खेल और कला के प्रति रुचि बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधीक्षक-सह-जिला खेल पदाधिकारी कुमार हर्ष ने कहा कि युवाओं को सही दिशा देने के लिए खेल और रचनात्मक गतिविधियां सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर खेल समन्वयक कौशल किशोर मरांडी, कोच योगेश यादव, प्रकाश सिंह बादल सहित अन्य अधिकारी, खिलाड़ी और विद्यार्थी उपस्थित थे। सभी ने हस्ताक्षर कर नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।