पतना, संवाददाता।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पतना के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर बड़ा डिग्गी द्वारा सोमवार को चंडोला पहाड़ में वन-वीक-वन सीएससी (स्पेशल टीकाकरण) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन समाजसेवी गंगू मालतो ने किया। इस अवसर पर ग्रामीणों को नियमित टीकाकरण के महत्व तथा बच्चों और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण में इसकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।
विशेष टीकाकरण अभियान का मुख्य उद्देश्य उन लाभार्थियों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना था, जो किसी कारणवश पूर्व निर्धारित टीकाकरण सत्रों में शामिल नहीं हो सके थे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पहले से तैयार ड्यू लिस्ट के आधार पर ऐसे लाभार्थियों की पहचान की और उनका टीकाकरण सुनिश्चित किया। अभियान के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए समय पर टीकाकरण कराने की अपील भी की।
कार्यक्रम में उपस्थित समाजसेवी गंगू मालतो ने कहा कि दूर-दराज एवं पहाड़ी क्षेत्रों में विशेष टीकाकरण अभियान चलाकर स्वास्थ्य विभाग लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों का नियमित टीकाकरण कराने तथा स्वास्थ्य विभाग के अभियानों में सहयोग करने का आग्रह किया।
टीकाकरण कार्यक्रम के सफल संचालन में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मौके पर एएनएम सुनीता रानी साह, सहिया एलिजाबेथ मालतो, डॉ. मुकुंद कुमार, डॉ. जुल्फिकार रहमान, बीडीएम/बीएएम मधुसूदन महतो, बड़ा बाबू देवब्रत राय, यूनिसेफ के राकेश कर्मकार तथा बीटीटी कृपा सिंधु रजक सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी चलाए जाएंगे, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी टीकाकरण से वंचित न रह सके।
