बरहरवा, संवाददाता।
कोटालपोखर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है। भाजपा कोटालपोखर मंडल अध्यक्ष विकास कुमार भगत ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को ज्ञापन सौंपकर बड़ा सोनाकर पंचायत स्थित सार्वजनिक कुएं की अविलंब मरम्मत तथा कोटालपोखर पंचायत परिसर के सामुदायिक विकास भवन के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार की मांग की है।

सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि बरहरवा प्रखंड अंतर्गत बड़ा सोनाकर पंचायत के मिडिल स्कूल के समीप एवं हाईस्कूल मैदान के पास स्थित सार्वजनिक कुआं पूरी तरह जर्जर हो चुका है। कुएं की जगत कई स्थानों पर टूट चुकी है, जिससे वहां कभी भी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार यह कुआं वर्षों से क्षेत्र के लोगों के लिए पेयजल का महत्वपूर्ण स्रोत रहा है, लेकिन वर्तमान में इसकी बदहाल स्थिति के कारण आसपास के निवासियों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि कुएं की मरम्मत नहीं होने से ग्रामीणों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। साथ ही क्षतिग्रस्त संरचना बच्चों एवं राहगीरों के लिए भी खतरा बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन से जनहित को देखते हुए शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है।
इसके अलावा कोटालपोखर पंचायत परिसर स्थित सामुदायिक विकास भवन की जर्जर स्थिति पर भी चिंता जताई गई है। विकास कुमार भगत ने कहा कि भवन की मरम्मत के अभाव में क्षेत्र के गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को विवाह, धार्मिक अनुष्ठान, सामाजिक कार्यक्रम तथा सामुदायिक आयोजनों के संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। भवन की दीवारें, रंग-रोगन एवं अन्य बुनियादी सुविधाएं खराब हो चुकी हैं, जिससे इसका समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने प्रशासन से सामुदायिक भवन का सौंदर्यीकरण कराने तथा आवश्यक मरम्मत कार्य जल्द पूरा कराने का अनुरोध किया। उनका कहना है कि भवन को उपयोग योग्य बनाए जाने से क्षेत्र के लोगों को सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन में सुविधा मिलेगी।
मंडल अध्यक्ष ने बीडीओ से दोनों मामलों की जांच कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक कुएं की मरम्मत एवं सामुदायिक भवन के जीर्णोद्धार से ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान होगा और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।