साहिबगंज, संवाददाता।
आगामी 26 एवं 27 जून को आयोजित होने वाले मुहर्रम पर्व 2026 को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को मुफस्सिल थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीपीओ) सुशील कुमार ने की।

बैठक में एसडीपीओ ने कहा कि मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी जुलूस प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग एवं लाइसेंस में निर्धारित समय के अनुसार ही संचालित होंगे। कानून-व्यवस्था भंग करने, हुड़दंग करने अथवा मनमानी करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने एवं भ्रामक संदेश प्रसारित करने वालों को भी चेतावनी देते हुए कहा कि प्रशासन की ऐसी गतिविधियों पर विशेष नजर रहेगी। आम लोगों से किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। बैठक में झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अमरदीप सिंह, मोहम्मद नईम अंसारी, मोहम्मद हनन, मो. काजू समेत शांति समिति के कई सदस्य उपस्थित थे।