ताजिया व अखाड़ा जुलूस के लिए निर्धारित मार्ग और समय का पालन करने का निर्देश, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी नजर
तीनपहाड़, संवाददाता।
आगामी 26 जून को मनाए जाने वाले मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार की शाम तीनपहाड़ थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विमलेश कुमार त्रिपाठी ने की। बैठक में पुलिस प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न मोहर्रम कमेटियों के पदाधिकारियों तथा क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों और मोहल्लों से आने वाली मोहर्रम कमेटियों से अखाड़ा एवं ताजिया जुलूस के रूट चार्ट की जानकारी ली गई। पुलिस प्रशासन ने सभी कमेटियों को निर्देश दिया कि वे निर्धारित मार्ग एवं समय का पालन करते हुए जुलूस का आयोजन करें, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
बैठक में जोंका ग्राम की मोहर्रम कमेटी ने प्रशासन को अवगत कराया कि गांव के तीन अलग-अलग टोलों से ताजिया जुलूस निकाला जाएगा। वहीं तीनपहाड़ मोहर्रम कमेटी के प्रतिनिधियों ने बताया कि छोटी ताजिया का जुलूस नवमी के दिन निकाला जाएगा, जबकि बड़ी ताजिया एवं अखाड़ा जुलूस दशमी को दोपहर तीन बजे इमामबाड़ा से प्रारंभ होकर पूरे बाजार क्षेत्र का भ्रमण करेगा और रात्रि 11 बजे संपन्न होगा।
इस अवसर पर एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने सुरक्षा व्यवस्था और सावधानियों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ताजिया एवं निशान की ऊंचाई निर्धारित सीमा के भीतर रखी जाए, ताकि बिजली के तारों के संपर्क में आने से किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे। उन्होंने कहा कि मोहर्रम के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए सभी कमेटियां विशेष सतर्कता बरतें।
उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं बिजली के तार नीचे झुके हुए दिखाई दें तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन या बिजली विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक मरम्मत कराई जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य त्योहार को पूरी तरह सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है।
बैठक में सोशल मीडिया के दुरुपयोग को लेकर भी चेतावनी दी गई। पुलिस प्रशासन ने कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक, अफवाहपूर्ण अथवा आपत्तिजनक सामग्री सोशल मीडिया पर साझा न करें। यदि किसी प्रकार की अफवाह या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
बैठक के अंत में प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारा, प्रेम और सौहार्द बनाए रखते हुए मोहर्रम पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की गंगा-जमुनी संस्कृति और सामाजिक एकता को बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में खुर्शीद आलम, नईम अंसारी, मुर्शीद राजा, नाजिम लड्डू, मुख्तार शेख, जाकिर शेख, खैरुल शेख, प्रताप राय, आकाश शाह, आफताब आलम, बासु अंसारी, नूरुल अमीन, शहीद अंसारी, रसीद बबुआ, साहेब अंसारी, मो. सैफी, आरिफ अंसारी, शकील अंसारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।