साहिबगंज, प्रतिनिधि।
साहिबगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर यात्री सुविधाओं की कमी, बंद पड़े सीढ़ी मार्ग और लिफ्ट की अव्यवस्था को लेकर ईस्टर्न झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, साहिबगंज ने रेल प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है। चैंबर के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को पूर्व रेलवे मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) मनीष कुमार गुप्ता तथा पूर्व रेलवे कोलकाता के महाप्रबंधक को ई-मेल के माध्यम से ज्ञापन भेजकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। वहीं ज्ञापन की प्रति साहिबगंज स्टेशन के स्टेशन मैनेजर को उनके कार्यालय में सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान का आग्रह किया गया।

चैंबर अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत साहिबगंज रेलवे स्टेशन का सौंदर्यीकरण और आधुनिकीकरण सराहनीय है, लेकिन प्लेटफॉर्म संख्या-1 से प्लेटफॉर्म संख्या-2 तक जाने के लिए पूर्व में उपलब्ध सीढ़ी मार्ग लंबे समय से बंद रहने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में दोनों प्लेटफॉर्मों के बीच आवागमन का एकमात्र साधन लिफ्ट रह गया है, जिससे प्रतिदिन यात्रियों की भीड़ बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि लिफ्ट में यात्रियों के साथ भिखारी एवं अन्य अनधिकृत लोग भी प्रवेश कर जाते हैं, जिसके कारण लिफ्ट क्षमता से अधिक भार उठाने को मजबूर हो जाती है। कई बार लिफ्ट ओवरलोड होने के कारण बंद हो जाती है और यात्रियों को अपनी ट्रेन तक पहुंचने में देर हो जाती है। इससे ट्रेन छूटने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।
पॉकेटमारी और सुरक्षा को लेकर भी चिंता
चैंबर द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि लिफ्ट के आसपास अत्यधिक भीड़ रहने से यात्रियों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है। भीड़भाड़ के कारण पॉकेटमारी और अन्य असामाजिक गतिविधियों की आशंका बनी रहती है। वहीं लिफ्ट के बार-बार खराब होने और समय पर रखरखाव नहीं होने से बुजुर्ग, महिलाएं और दिव्यांग यात्रियों को विशेष रूप से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
प्लेटफॉर्म-2 पर सुविधाओं का अभाव
ज्ञापन में प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर बुनियादी सुविधाओं की कमी का भी उल्लेख किया गया है। चैंबर के अनुसार यात्रियों के बैठने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। स्पष्ट उद्घोषणा प्रणाली की कमी के कारण यात्रियों को ट्रेनों की जानकारी प्राप्त करने में कठिनाई होती है। इसके अलावा ठंडे पेयजल, नियमित सफाई तथा कुली (पोर्टर) सेवा जैसी आवश्यक सुविधाएं भी पर्याप्त रूप से उपलब्ध नहीं हैं।
चैंबर ने रखीं तीन प्रमुख मांगें
ईस्टर्न झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने रेल प्रशासन से मांग की है कि प्लेटफॉर्म संख्या-1 और 2 को जोड़ने वाले बंद पड़े सीढ़ी मार्ग की तत्काल मरम्मत कर उसे चालू किया जाए। जब तक सीढ़ी मार्ग शुरू नहीं होता, तब तक सभी लिफ्टों में लिफ्टमैन की नियुक्ति तथा दोनों ओर रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर बैठने की समुचित व्यवस्था, स्पष्ट उद्घोषणा, शुद्ध पेयजल, सफाई और पोर्टर सेवा को शीघ्र बहाल किया जाए।
रेल प्रशासन को ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में चैंबर अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, सहसचिव पिंटू साह, अफ्ताब आलम, नवल किशोर मंडल, प्रकाश झुनझुनवाला, अंकित तामाखुवाला, शुभम तिवारी तथा विकास कौशिक शामिल थे।
चैंबर ने उम्मीद जताई है कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगा, जिससे साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।